लाइन में जगह-जगह हो रहे रिसाव से विद्यालय परिसर में फैल रही है गंदगी
बड़कोट। पीएमश्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज खरादी परिसर से होकर गुजर रही होटलों की खुली सीवरेज लाइन छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और पढ़ाई के लिए समस्या बन गई है। लाइन से जगह-जगह हो रहे रिसाव के कारण विद्यालय परिसर में गंदगी और दुर्गंध फैली रहती है। वहीं, दूषित पानी के नाले के माध्यम से यमुना नदी में मिलने के आरोपों ने पर्यावरण प्रदूषण को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत कई बार अधिकारियों से की जा चुकी है। बीते 23 जनवरी को आयोजित जन शिकायत शिविर में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य को भी लिखित शिकायत सौंपकर सीवरेज लाइन हटाने और तत्काल कार्रवाई की मांग की गई थी। जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद छह माह बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
अभिभावक संजय रावत, जनक सिंह, सोबेन्द्र सिंह, गुरुदेव चौहान, नरेश रावत, कैलाश राणा और सुमन भारती ने कहा कि खुले सीवर और दुर्गंध के कारण सैकड़ों छात्र-छात्राओं को परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि होटलों का गंदा पानी खड्ड के रास्ते यमुना तक पहुंच रहा है, जो जनस्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए बड़ा खतरा है।
उन्होंने विद्यालय परिसर से सीवरेज लाइन तत्काल हटाने, रिसाव रोकने और जिम्मेदार होटल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रधानाचार्य सुमन राणा ने बताया कि होटल संचालकों को कई बार लाइन हटाने के लिए कहा गया और उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया लेकिन समाधान नहीं हुआ।
वहीं, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी ने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभिभावकों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो छात्र-छात्राओं के साथ आंदोलन किया जाएगा।