छात्रों को हर दिन कुछ नया सीखने के लिए प्रेरित करने के लिए भड़कोट ग्राम पंचायत के प्रधान तेग सिंह ने अनूठी मुहिम शुरू की है। उन्होंने अपने गांव के आसपास की ग्राम पंचायतों के सहयोग से शब्दकोष गुल्लक प्रतियोगिता का आयोजन कराया, जिसमें बच्चों ने हर दिन अंग्रेजी का एक नया शब्द सीखते हुए 365 से लेकर एक हजार से अधिक नए शब्द सीखे हैं।
विकासखंड डुंडा के भड़कोट गांव में आयोजित प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने करीब साल भर तक अंग्रेजी के नए-नए शब्द सीखे, जिसमें छात्रों की कक्षा के अनुसार उनके तीन वर्ग बनाए गए थे। कक्षा 1 से 5 तक के छात्रों ने एक नया शब्द प्रतिदिन, कक्षा छह से आठ तक ने 2 नए शब्द प्रतिदिन और कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों ने तीन नए शब्द प्रतिदिन सीखते हुए 365 से लेकर 1 हजार 95 नए शब्द सीखें।
23 दिसंबर को छात्रों के बीच प्रतियोगिता आयोजित कर उनके शब्दकोष को परखा गया, जिसमें 78 छात्रों ने शिरकत की। प्रतियोगिता में भड़कोट के दिनेश रावत ने पहला, सटियालीधार के आयुष पंवार ने दूसरा और भड़कोट के आलोक रावत ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिन्हें क्रमश: 5100, 4100 और 3100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया। प्रधान तेग सिंह ने बताया कि जनवरी 2020 में प्रतियोगिता की घोषणा की गई थी, जिसमें छात्रों ने उत्साह के साथ शिरकत की। गांव के पूर्व प्रधान नैन सिंह पंवार व शिक्षक विजेंद्र सिंह रावत ने प्रतिभागी छात्रों को मेडल व कॉपी देकर सम्मानित किया। ग्राम प्रधान तेग सिंह, प्रवेश बिष्ट, रमेश चंद्र भट्ट, सचिन भट्ट, रमेश रावत, सोबन सिंह, विश्वनाथ बिष्ट आदि ने छात्रों के लिए भविष्य में भी प्रतियोगिता को जारी रखने की बात कही।