गंगोत्री चैंपियंस ट्रॉफी में खेले गए एक रोमांचक मैच में यूके राइडर्स ने राधिका मेडिकल क्लब को 20 रनों से शिकस्त दी। दूसरे मैच में गंगोरी ने तिलोथ को 57 रन से हराया।
आजाद मैदान पर गंगोत्री चैंपियंस ट्रॉफी आयोजित की गई। पहला मैच गंगोरी-तिलोथ के बीच हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गंगोरी की टीम ने निर्धारित 14 ओवर में 140 रन बनाए।
अभिषेक ने सबसे अधिक 58 रन बनाए। जवाब में तिलोथ की टीम 58 रन पर ऑल आउट हो गई। गंगोरी के लिए राजेश ने 3 ओवर में 3 विकेट चटकाए। दूसरा मैच यूके राइडर्स-राधिका मेडिकल क्लब के बीच हुई। यूके राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 156 रन बनाए।
टीम के लिए ओपनिंग करने आए गिरीश रतूड़ी ने पहले ओवर में 20 रन बनाए, लेकिन अगले ही ओवर में राधिक मेडिकल क्लब के गेंदबाज पंकज ने सटीक गेंदबाजी से गिरीश रतूड़ी को बोल्ड कर दिया। इसके बाद नियमित अंतराल में यूके राइडर्स के विकेट निकलते चले गए, लेकिन शुभम ने 25 बाल में 45 रन और जयेंद्र ने 22 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 156 पहुंचाया। राधिक मेडिकल क्लब की ओर से पंकज ने 3 ओवर में 2 विकेट चटकाए।
जवाब में राधिका मेडिकल क्लब के 3 प्रारंभिक बल्लेबाज महज तीन रन के स्कोर पर लौट गए, लेकिन इसके बाद गोलू ने 41 और कप्तान अवधेश चमोली ने 13 रन की पारी खेली। यूके राइडर्स के लिए जस्सी ने 3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा सोमवार को ओम ग्रुप और एनएसयूआई के बीच अंधेरे के कारण रोका गया एक मैच मंगलवार को खेला गया।
मैच में एनएसयूआई को 7 गेंद में 12 रनों की दरकार थी, जबकि उसके पास महज दो विकेट शेष बचे थे। लेकिन ओम ग्रुप के गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी करते हुए एनएसयूआई के बचे हुए दो विकेट चटकाकर 8 रन से मैच ओम ग्रुप के पाले में डाल दिया।