हादसों पर अंकुश लगाने की पहल, मातली में रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश
उत्तरकाशी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अब चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को ब्लैक स्पॉट पर किए जा रहे सुधार कार्यों और कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। वहीं, मातली में दुर्घटनाओं की आशंका वाले चिह्नित स्थान पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश बीआरओ को दिए हैं।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में हुई सड़क दुर्घटनाओं, उनके कारणों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में जरूरी सुरक्षा इंतजाम प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण होने वाले हादसों को रोका जा सके।
बैठक में परिवहन और पुलिस विभाग की ओर से यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने और दोपहिया वाहनों में नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया। डीएम ने कहा कि सड़क सुरक्षा के उपायों में लापरवाही न बरती जाए और संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप कार्रवाई करें। बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि विजय कुमार, एआरटीओ सुवर्णा नौटियाल आदि मौजूद रहे।