उत्तरकाशी। अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रांतीय आह्वान पर मंगलवार को डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को 19 सूत्रीय मांगों संबंधी ज्ञापन प्रेषित किया। संगठन ने मांगों को सामाजिक न्याय, संवैधानिक अधिकारों, सेवा सुरक्षा तथा अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के शैक्षिक एवं सामाजिक उत्थान से जुड़ा बताते हुए सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन जिलाध्यक्ष चिरंजी लाल राही ने बताया कि आंदोलन के प्रथम चरण के तहत 26 मई को प्रदेश की सभी तहसीलों एवं उपतहसीलों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजे गए थे। इसके पश्चात 2 जून को देहरादून में विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक कर मांगों के समाधान को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार की ओर से मांगों के समाधान के लिए जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चिरंजी लाल राही, महासचिव अनीता शाह, शूरवीर सिंह, जेएल प्रजापति, विजेंद्री राज, मनोज टम्टा, मोहनलाल शाह, शंकला राही आदि मौजूद रहे। संवाद