आजादी के 74 साल बाद भटवाड़ी विकासखंड के तीन गांवों में सड़क पहुंचने की उम्मीद जगी है। इन गांवों में सड़क सुविधा के लिए एक दशक पहले बजट स्वीकृत हो चुका था, लेकिन मामला वन भूमि हस्तांतरण के लिए वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में लंबित था। अब मंत्रालय ने भूमि हस्तांतरण की सैद्घांतिक स्वीकृति दे दी है।
जनपद मुख्यालय उत्तरकाशी से 3-4 किमी की दूरी स्थित पर भटवाड़ी विकासखंड के जसपुर, सिल्याण, निराकोट गांव में आज तक सड़क सुविधा उपलब्ध नहीं है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क सुविधा की मांग कर रहे हैं। करीब एक दशक पूर्व जसपुर निराकोट सिल्याण मोटर मार्ग निर्माण के लिए बजट स्वीकृत हो गया था, लेकिन वन भूमि हस्तांतरण का मामला वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में लंबित था। अब वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने वन भूमि हस्तांतरण की सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। मोटर मार्ग को वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से दो हेक्टेयर वन भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति मिली है, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर है। जसपुर गांव के निवासी विकास नौटियाल का कहना है कि ग्रामीण लंबे समय से गांव की सड़क की मांग कर रहे थे। अब वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से भूमि हस्तांतरण की स्वीकृति मिलने से सड़क सुविधा की उम्मीद जगी है। विकास ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव 2022 से पूर्व सड़क निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।