प्रभावित हिस्से पर आवाजाही भी बनी हुई है खतरनाक
बड़कोट। नौगांव-पौंटी-राजगढ़ी मोटर मार्ग पर पौंटी पुल के समीप लगातार हो रहा भू-धंसाव अब राहगीरों की सुरक्षा के साथ ही ग्रामीणों की कृषि भूमि और पेड़ों के लिए भी बड़ा खतरा बन गया है। भू-धंसाव के चलते सड़क का हिस्सा प्रभावित होने से मार्ग पर आवाजाही जोखिमभरी हो रही है। वहीं, सड़क के ऊपरी हिस्से में स्थित ग्रामीणों की भूमि भी इसकी चपेट में आ रही है और कई पेड़ों को नुकसान पहुंच रहा है।
भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेने के बाद राज्य आंदोलनकारी किताब सिंह रावत ने बड़कोट में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन ध्यानी से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्य केवल औपचारिकता न होकर गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी मानकों के अनुरूप होने चाहिए।
उन्होंने स्थायी एवं प्रभावी सुरक्षा कार्य कराकर सड़क के साथ ग्रामीणों की भूमि और पेड़ों को हो रहे नुकसान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। अधिशासी अभियंता नवीन ध्यानी ने कहा कि भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए बेहतर और प्रभावी सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे ताकि मार्ग को सुरक्षित बनाने के साथ आसपास की भूमि को भी और नुकसान से बचाया जा सके।