जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला ने भंडेलीगाड में क्षतिग्रस्त यमुनोत्री पैदल मार्ग को तीन दिनों में दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पैदल मार्ग भंडेलीगाड के समीप करीब एक माह से क्षतिग्रस्त है। अभी बरसात कम होने से फिर से तीर्थयात्रियों की संख्या बढ़ने से यहां आवाजाही में दिक्कतें हो रही हैं।
शुक्रवार को जिलाधिकारी ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए यमुनोत्री धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जानकीचट्टी में घोड़ा, खच्चर पार्किंग के साथ ही पैदल मार्ग पर नियमित सफाई करने, सिंगल यूज प्लास्टिक, जैविक-अजैविक कूड़े का उचित निस्तारण करने आदि के निर्देश दिए। डीएम ने भंगेलीगाड़ में निर्माणाधीन पैदल मार्ग को अगले तीन दिन में आवागमन के लिए सुचारु करने, घोड़े खच्चरों के लिए चरी और कुंड में पीने के लिए गर्म पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने आदि के निर्देश दिए। इस दौरान निरीक्षण में दौरान एसडीएम देवानंद शर्मा, सीवीओ भरत दत्त ढौंडियाल, एसीएमओ रमेशचंद्र आर्य, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत श्याम लाल, पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे आदि मौजूद रहे।