डीएम विनय शंकर पांडेय ने समाधान पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की सुनवाई कर इनका निस्तारण किया। गंगोरी गरम पानी में उद्योग विभाग की ओर से आवंटित प्लाटों पर अभी तक कोई उद्योग नहीं लगने की शिकायत पर डीएम ने लाभार्थियों की सूची तलब कर एक माह के भीतर उद्योग लगवाने के लिए कहा। साथ ही पटवारी के उपेक्षित रवैया अपनाने की शिकायत पर उन्होंने पटवारी को वहां से हटाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को डीएम ने समाधान पोर्टल पर दर्ज 23 शिकायतों की समीक्षा की। दारसौं नौगांव में विद्यालय भवन निर्माण में गड़बड़ी की जांच में क्षेत्रीय पटवारी की ओर से उपेक्षित रवैया अपनाने की शिकायत पर डीएम ने तत्काल पटवारी को वहां से हटाने के निर्देश दिए।
गंगोरी गरमपानी में उद्योग विभाग की ओर से आवंटित प्लाटों पर वर्षों बाद भी कोई उद्योग नहीं लगने की शिकायत पर डीएम ने लाभार्थियों की सूची तलब की। उन्होंने उद्योग विभाग को इन लाभार्थियों को नोटिस जारी कर एक माह के भीतर उद्योग लगवाने के निर्देश दिए। सभी शिकायतों की सुनवाई कर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ जीएस रावत, एडीएम अशोक पांडेय आदि मौजूद रहे।