विजय दिवस पर सोमवार को शहीद स्मारक पार्क में आयोजित गंगोत्री विधायक गोपाल रावत, यमुनोत्री विधायक केदार रावत एवं डीएम डॉ. आशीष चौहान ने शहीदों के चित्र पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद भारत-पाक युद्ध के शहीद सुंदर सिंह की धर्मपत्नी अमरा देवी, शहीद मोहन लाल की धर्मपत्नी चंद्रा देवी को शॉल भेंट करके सम्मानित किया।
गंगोत्री विधायक ने कहा कि भारत पाक युद्ध में शहीद हुए सुंदर सिंह जैसे सैकड़ों जवानों के कारण ही आज हमारा देश सुरक्षित है। यमुनोत्री विधायक ने कहा कि गढ़वाल की भूमि ने शहीद मोहन लाल जैसे कई वीर योद्धाओं को जन्म दिया है, जिनके सम्मान में कोई भी कार्य करना उनकी कुर्बानी के मुकाबले छोटा ही साबित होगा। सरकार ने तिलाड़ी शहीद स्थल के सुंदरीकरण के लिए 23 लाख की धनराशि स्वीकृत की है। विजय दिवस पर हुई क्रॉस कंट्री दौड़ के पुरुष वर्ग में संदीप सिंह, अंकित रावत व सचिन सिंह, महिला वर्ग में रोशनी, करीना व साक्षी राणा ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर एसपी पंकज भट्ट, सीडीओ पीसी डंडरियाल, एसडीएम देवेंद्र नेगी एवं आकाश जोशी, अर्थ एवं संख्याधिकारी वीरेंद्र पुरी, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी महावीर राणा, जिला पंचायत सदस्य चंदन पंवार, मेजर आरएस जमनाल आदि मौजूद रहे।