देश और राज्य में फिर से बढ़ते कोरोना महामारी के मामलों के बीच जनपद में राहतभरी खबर है। यहां डेढ़ माह से कोरोना का एक भी नया मामला सामने नहीं आया है।
जिले में आखिरी बार 28 जनवरी को एक व्यक्ति की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिससे उस समय कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 11 पहुंच गई थी। बाद में डॉक्टरों की निगरानी में 11 फरवरी तक सभी मरीज स्वस्थ हो गए थे। उसके बाद से अब तक जिले में कोई भी नया केस सामने नहीं आया है। वहीं देशभर में महामारी दोबारा से पांव पसार रही है। राज्य के कुछ जिलों में भी दोबारा से मरीज सामने आ रहे हैं, जिसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि राहत ये है कि अब तक जितने भी सैंपलों की रिपोर्ट आ रही है, उनमें सभी नेगेटिव निकल रही है। सीएमओ डा. डीपी जोशी का कहना है कि कोरोना महामारी को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है। 15 मार्च को समीक्षा बैठक बुलाई गई है, जिसमें जिले को कोरोना मुक्त बनाए रखने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।