14 किमी दूर सीएचसी जाने की मजबूरी हुई खत्म
नौगांव (उत्तरकाशी)। स्योरी फल पट्टी के बिंगसी समेत आसपास के नौ गांवों की गर्भवती महिलाओं और नवजात को टीकाकरण व प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 14 किलोमीटर दूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। बिंगसी गांव में आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य उपकेंद्र शुरू हो गया है। विभाग ने यहां स्वास्थ्य कार्यकर्ता की तैनाती कर सेवाएं भी शुरू कर दी हैं।
स्वास्थ्य उपकेंद्र का उद्घाटन अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष श्याम डोभाल ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है। उपकेंद्र खुलने से बिंगसी, स्योरी, क्वाड़ी, मटियाली, किम्मी, रस्टाड़ी, कंडाऊ, नैणी और पिसाऊं गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। सबसे अधिक राहत गर्भवती महिलाओं और बच्चों को मिलेगी।
पहाड़ी क्षेत्र में लंबी दूरी तय कर अस्पताल पहुंचना कई बार चुनौतीपूर्ण होता है। खासकर गर्भावस्था के दौरान जांच, टीकाकरण और नवजात की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए परिजनों को अतिरिक्त समय और खर्च उठाना पड़ता था। अब गांव में सुविधा उपलब्ध होने से इन परिवारों को काफी सहूलियत मिलेगी।
स्थानीय लोगों ने उपकेंद्र खुलने का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य जरूरत को पूरा करने वाला कदम बताया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान जगमोहन सिंह, मटियाली प्रधान सुभद्रा राणा, बलदेव चौहान, चिकित्साधीक्षक डॉ. रोहित भंडारी, एएनएम पूजा राणा, मीना रावत, प्रियंका चौहान, जगेंद्र सिंह, विजय राणा और आनंद सिंह मौजूद रहे।