वास्तविक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की मांग
मामले की निष्पक्ष जांच कराने की उठाई मांग
पुरोला। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन को लेकर पुरोला विकासखंड में सवाल उठने लगे हैं। योजना की प्रकाशित पात्रता सूची में कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और वास्तविक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
बताया गया है कि योजना का उद्देश्य आवासहीन और कच्चे मकानों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इसके लिए विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सर्वेक्षण कर पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार की गई थी लेकिन अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद कई ग्राम पंचायतों में वास्तविक पात्र लोगों के नाम सूची से बाहर होने और अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
मांग की गई है कि प्रकाशित पात्रता सूची को प्रत्येक ग्राम पंचायत भवन में सार्वजनिक रूप से चस्पा किया जाए ताकि ग्रामीण स्वयं सूची का अवलोकन कर सकें। साथ ही सूची तैयार करने वाले संबंधित कर्मचारियों से खंड विकास अधिकारी के समक्ष प्रत्येक चयनित लाभार्थी की पात्रता का आधार स्पष्ट कराया जाए। इसके अलावा अपात्र लोगों को सूची में शामिल किए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लिया जाए।
इस संबंध में बर्फिया लाल जुवांठा पीजी कॉलेज, पुरोला के छात्रसंघ अध्यक्ष गोविंद सिंह ने तहसीलदार कमल सिंह राठौर के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि यदि जांच निष्पक्ष ढंग से कराई जाती है तो वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ मिल सकेगा और पात्र व्यक्ति किसी भी स्थिति में इस महत्वपूर्ण सरकारी योजना से वंचित नहीं रहेंगे। इस दौरान महिदेव, शिवांश रावत, प्रवेश, प्रदीप मौजूद रहे।