गड्ढों और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों से हादसों का खतरा
पुरोला। रामा सिरांई और कमल सिरांई पट्टी के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला पुरोला–पोरा मोटर मार्ग बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हैं जबकि कई स्थानों पर सुरक्षा दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बरसात के बाद मार्ग की स्थिति और खराब होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
सड़क की खराब स्थिति से सुरक्षित आवागमन को लेकर चिंता बनी है। पुरोला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह नेगी ने सड़क की बदहाली को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गड्ढामुक्त और सुगम सड़कों के दावे कर रही है लेकिन पुरोला–पोरा मोटर मार्ग की स्थिति इन दावों से अलग है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण सड़क की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है।
नेगी ने मांग की कि मार्ग के गड्ढों को तत्काल भरा जाए और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का जल्द निर्माण कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस जनहित में आंदोलन करेगी।