ठेकेदार समिति ने उठाई आवाज, डीएम से की दोबारा धन स्वीकृति की मांग
पुरोला। रवांई ठेकेदार जनकल्याण समिति ने सिंचाई विभाग की नहरों के लिए पूर्व में आवंटित धनराशि को शासन स्तर पर समाप्त किए जाने पर कड़ा विरोध जताया। उन्होंने इस संबंध में एडीएम मुकेश रमोला के माध्यम से डीएम को ज्ञापन प्रेषित कर पुन: धन स्वीकृति की मांग की है।
रवांई ठेकेदार जनक कल्याण समिति के अध्यक्ष बद्री प्रसाद नौडियाल ने बताया कि पुरोला तहसील क्षेत्र मुख्यतः कृषि प्रधान है जहां सिंचाई नहरों का निर्माण एवं रखरखाव किसानों की आजीविका के लिए अत्यंत आवश्यक है लेकिन सिंचाई विभाग में नहरों के लिए आवंटित धनराशि कुछ कारणों से शासन स्तर पर विलोपित कर दी गई जिससे क्षेत्र के काश्तकारों और स्थानीय बेरोजगारों के साथ सीधा अन्याय है।
कहा कि यदि जल्द नहर निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों के लिए धनराशि को पुनः स्वीकृति नहीं दी गई तो क्षेत्र की कृषि व्यवस्था प्रभावित होगी और रोजगार के अवसर भी सिमट जाएंगे। उन्होंने डीएम से आग्रह किया है कि सिंचाई एवं अन्य विकास कार्यों के लिए पूर्व में आवंटित धनराशि पर पुनर्विचार कर जल्द स्वीकृति प्रदान की जाए। इस मौके पर बलदेव असवाल, गजेंद्र चौहान, दर्मियान पंवार, शीशपाल रावत, दिनेश चौहान, जगमोहन पंवार, उपेंद्र शर्मा, गोपाल चौहान आदि मौजूद रहे।