नगर के प्रतिष्ठित गोस्वामी गणेश दत्त सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में बीते कुछ समय से चले आ रहे विवाद को देखते हुए विद्यालय के प्रबंधक ने प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया है। फिलहाल विद्यालय के ही एक शिक्षक को प्रभारी प्रधानाचार्य बनाकर विस्तृत जांच शुरू की जा रही है।
जिला मुख्यालय पर विद्या भारती द्वारा संचालित गोस्वामी गणेश दत्त सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में बीते कुछ समय से प्रबंध समिति और प्रधानाचार्य के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इस बीच विद्यालय में शिक्षकों द्वारा हड़ताल भी की गई थी। विद्यालय के प्रबंधक स्वामी मनीषानंद ने बताया कि विद्यालय के अभिलेखों की शुरूआती पड़ताल में कई वित्तीय अनियमितताएं और अभिलेखों में छेड़छाड़ की पुष्टि हुई है। इसके अलावा प्रधानाचार्य द्वारा शिक्षक-कर्मचारियों को प्रबंध समिति के खिलाफ भड़काकर हड़ताल भी कराई गई, जो गंभीर अनुशासनहीनता है। इन कारणों से विद्यालय का शैक्षिक माहौल और अनुशासन खराब हो रहा था। इसे देखते हुए प्रबंध समिति ने प्रधानाचार्य सुशील शर्मा को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि निलंबन अवधि में विद्यालय के आचार्य बीडी कुनियाल को प्रभारी प्रधानाचार्य बनाया गया है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर आरोपी प्रधानाचार्य के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।