पांच से 21 अक्तूबर तक होगा मंचन, इस बार 75वीं बार होगा आयोजन
उत्तरकाशी। श्री आदर्श रामलीला समिति की ओर से रामलीला मंचन की तैयारियां शुरू कर दी गई है। मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रामलीला मंच पर हनुमान ध्वज की स्थापना की गई। इस दौरान नगर में हनुमान ध्वज की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
मंगलवार को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह परशुराम मंदिर में हनुमान ध्वज की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद ध्वज को लेकर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा भैरव चौक से शुरू होकर विश्वनाथ चौक और हनुमान चौक होते हुए रामलीला मंच पहुंची। यहां मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर हनुमान ध्वज स्थापित किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
समिति के अध्यक्ष डॉ. जयेंद्र पंवार ने बताया कि इस वर्ष रामलीला की 75वीं पुनरावृत्ति के अवसर पर पांच से 21 अक्तूबर तक रामलीला का मंचन किया जाएगा। इस मौके पर शांति प्रसाद भट्ट, अरविंद राणा, भूपेश कुडियाल, प्रेम सिंह, महेंद्र सिंह, तस्दीक खान, रमेश चौहान, अनिता राणा, पुनीता नौटियाल और विजय महर आदि मौजूद रहे।