सोमवार को अन्नकूट गोवर्द्धन पूजा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित केदार मंदिर एवं गोपाल मंदिर में गोवर्द्धन पूजा कर अन्नकूट का भोग लगाया गया। केदार मंदिर में विशाल भंडारे का आयोजन कर प्रसाद वितरित किया गया।
सोमवार को अन्नकूट के पावन पर्व पर केदार घाट स्थित प्राचीन केदार मंदिर में गोवर्द्धन पूजा का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्वामी राघवानंद ने श्रद्धालुओं को बताया कि द्वापर युग में किस तरह भगवान कृष्ण ने अपनी दिव्य शक्ति से एक अंगुली पर गोवर्द्धन पर्वत उठाकर बृजवासियों को भगवान इंद्र के कोप से बचाया था। तभी से इस दिन गोवर्द्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दिन गोवर्द्धन पूजा अर्चना करने से सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। कार्यक्रम में स्वामी सीताराम, गंगाराम, उमाशंकर बहुगुणा, अजय प्रकाश बडोला आदि मौजूद रहे। इधर गोपाल मंदिर में भी गोवर्द्धन पूजा का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
चंबा (टिहरी)। गोवर्द्धन पर्व पर गो भक्तों ने गोवंश की विधि-विधान से पूजा अर्चना की। गोवंश की रक्षा का संकल्प लिया। सोमवार को गोवर्द्धन पूजा का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। गोवंश को फूल माला पहनाकर पूजा-अर्चना कर आरती के बाद गोग्रास खिलाया गया। भगवान को भोग लगाकर प्रसाद चढ़ाया गया। चिपको आंदोलन के धूम सिंह नेगी ने कहा कि गाय कृषि कार्य में पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखती है।