उत्तरकाशी एसपी कार्यालय में डीजीपी को गार्ड ऑफ ऑनर देते पुलिस जवान।
- फोटो : UTTER KASHI
जिले के केदारकांठा सांकरी और धौंतरी में जल्द पुलिस चौकी खुलेगी। सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे पुलिस महानिदेशक अशोक कुुमार ने इसकी घोषणा की। इस दौरान आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में उन्होंने ड्रग, ट्रैफिक और साइबर क्राइम की समस्या से निपटने के लिए जन सहयोग और जागरूकता को जरूरी बताया।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार के पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने गुलदस्ता भेंटकर डीजीपी का स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि उनके जन संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश भ्रमण के साथ पुलिस की बेहतरी को लेकर स्थानीय लोगों से सुझाव लेना है। कार्यक्रम में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने शहर में पार्किंग की व्यवस्था करने, बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष माधव जोशी ने पुलिस लाइन के बैडमिंटन कोर्ट को वुडन कोर्ट में बदलने, भारी वाहनों की आवाजाही मनेरा तेखला बाइपास से कराने, जिपंस चंदन पंवार ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक लगाने एवं बार एसोसिएशन अध्यक्ष आनंद सिंह पंवार ने राजस्व और पुलिस में समन्वय बनाने, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चौहान व सभासद सविता भट्ट ने पुलिस लाइन से लोगों की आवाजाही को रास्ता देने की मांग की। जिस पर डीजीपी ने आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया। इससे पूर्व यमुनोत्री विधायक केदार सिंह रावत, नपा अध्यक्ष चौहान, होटल एसोसिएशन, केमिस्ट व बैडमिंटन एसोसिएशन आदि ने डीजीपी को शॉल व प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर एसपी पंकज भट्ट, शैलेंद्र कोहली, सभासद महावीर चौहान, दीपेंद्र पंवार, अजय पुरी, केदार सिंह, हरीश डंगवाल, संतोष सकलानी, प्रीतम पुंडीर आदि मौजूद रहे।