ऑनलाइन ठगी करने वाला शातिर अभियुक्त के साथ धरासू पुलिस व एसओजी टीम।
- फोटो : UTTER KASHI
ओएलएक्स पर स्कूटी बेचने के नाम पर 80 हजार रुपये की ठगी के एक साल पुराने मामले में धरासू थाना पुलिस ने आरोपी को अलवर राजस्थान से गिरफ्तार किया।
पुजारगांव ब्रह्मखाल निवासी गिरीश कुमार ने बीते साल नवंबर माह में राजस्व पुलिस में उसके साथ हुई ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। गिरीश कुमार ने बताया था कि किसी व्यक्ति ने उसे ओएलएक्स पर स्कूटी बेचने के नाम पर 80 हजार रुपये ठग लिए। इस मामले की जांच राजस्व पुलिस से धरासू थाना पुलिस को हस्तांतरित की गई थी। पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने इस मामले में थानाध्यक्ष धरासू को टीम गठित कर इसका खुलासा करने के निर्देश दिए थे। पुलिस उपाधीक्षक दीवार सिंह मेहता के पर्यवेक्षण एवं एसआई समीप पांडेय के नेतृत्व में गठित पुलिस और एसओजी की टीम ने इस मामले में ठग के पेटीएम एकाउंट की जानकारी जुटाने के साथ ही इससे रकम हस्तांतरित होने वाले अन्य बैंक खातों की डिटेल जुटाई। मामले की तह तक पहुंचकर पुलिस ने 18 नवंबर को अलवर राजस्थान से आरोपी मुश्ताक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह स्कूटी बेचने के नाम पर लोगों से उनके बैंक एकाउंट की डिटेल लेकर उनके खातों से अपने पेटीएम एकाउंट में पैसा ट्रांसफर करता था। मामले का खुलासा करने वाली टीम में एसआई समीप पांडेय तथा कांस्टेबल डबल सिंह, अनिल तोमर एवं एसओजी के ओसाफ खान शामिल रहे।