यमुनोत्री और गंगोत्री धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या में अब इजाफा हो रहा है। धामों का खुशगवार मौसम तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को खूब भा रहा है। बृहस्पतिवार को 9594 तीर्थयात्रियों ने यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम पहुंच कर मांग यमुना और गंगा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में खुशगवार मौसम के चलते महराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश, यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान सहित अन्य प्रांतों से तीर्थयात्री भारी संख्या में पहुंच रहे है। बृहस्पतिवार को यमुनोत्री धाम में 3480 तथा गंगोत्री में 6114 तीर्थयात्रियों ने मां यमुना और गंगा के दर्शन किए।
36 विदेशियों सहित 8410 ने किए केदार दर्शन
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में बृहस्पतिवार को 8410 यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। इस दौरान 36 विदेशी श्रद्धालुओं ने भी मत्था टेका और बाबा केदार का आशीष प्राप्त किया। कपाट खुलने के बाद यह पहला मौका है, जबकि एक ही दिन में इतनी अधिक संख्या में विदेशी भक्तों ने केदारनाथ में दर्शन किए हैं।
इस वर्ष एक तरफ जहां यात्रा में देश के विभिन्न प्रांतों से भारी संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं, वहीं अब तक बमुश्किल एक सौ विदेशी शिव भक्त केदारनाथ पहुंचे हैं। कपाट खुलने के बाद से अब तक 1 लाख, 68 हजार 307 यात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। दूसरी तरफ तीन बजे के बाद से धाम में घने बादल छाने से हल्की बारिश शुरू हो गई थी। लिनचोली से लेकर गौरीकुंड तक भी रुक-रुककर बारिश होती रही।
बदरीनाथ में 12371 तीर्थयात्रियों ने मत्था टेका
गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में बृहस्पतिवार को 12371 तीर्थयात्रियों ने मत्था टेका। अभी तक 2,62,281 तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम के दर्शन कर पुण्य अर्जित कर चुके हैं। बदरीनाथ धाम में सांय तक भी चोटियों पर बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। वहीं, हेमकुंड साहिब के लिए गोविंदघाट से 2132 तीर्थयात्री गोविंदघाट से घांघरिया के लिए रवाना हुए। हेमकुंड साहिब में भी मौसम सामान्य बना हुआ है।