चिन्यालीसौड़। दो माह पूर्व शक्तिपुरम कॉलोनी से नागणी में शिफ्ट हुई तहसील में स्वान टेलीकॉम का नेट कनेक्शन नहीं लग पाया है। इससे तहसील से खतौनी की नकल सहित जाति और आय प्रमाणपत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क के लिए लाइन बिछाने के लिए इस्टीमेट तैयार कर बीएसएनएल को लाइन बिछाने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द नेट कनेक्शन लगने पर सेवा शुरू हो जाएगी।
बता दें कि पूर्व में चिन्यालीसौड़ तहसील व्यवस्था पर शक्तिपुरम कॉलोनी में संचालित हो रही थी। दो माह पूर्व ही यह शक्तिपुरम कॉलोनी से नागणी में तहसील के नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित हुई है। हाल में साइबर अटैक की घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से स्वान टेलीकॉम का नेट कनेक्शन अनिवार्य किया गया है, लेकिन चिन्यालीसौड़ तहसील में इस कंपनी का कनेक्शन नहीं लग पाया है।
इससे खतौनी की नकल सहित आय, जाति आदि प्रमाणपत्र भी जारी नहीं हो पा रहे हैं। क्षेत्र के युवा सिद्धार्थ नौटियाल, बीरेंद्र नौटियाल, मुकेश, प्रवेश जगूड़ी, संतोष थपलियाल, संदीप रावत ने प्रमाणपत्र जारी नहीं होने से लोग परेशान हैं। कई ग्रामीणों को जानकारी नहीं होने के चलते मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। उन्होंने तहसील प्रशासन से तहसील कार्यालय को जल्द स्वान नेटवर्किंग सुविधा से जोड़ने की मांग की है।
इधर, तहसीलदार धनीराम डंगवाल का कहना है कि इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अवगत कराया गया है। साथ ही नेटवर्क के लिए लाइन बिछाने के लिए इस्टीमेट तैयार कर बीएसएनएल को निर्देशित किया गया है। उनके लाइन बिछाने के बाद सेवा सुचारू हो जाएगी।