चिन्यालीसौड़। ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में मलबे का ढुलान कर रहे डंपरों की आवाजाही से नगर क्षेत्र के व्यापारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर में आए दिन लग रहे जाम और सड़क से उठते धूल के गुबार से परेशान व्यापारियों ने डंपरों की आवाजाही का अलग समय निर्धारित करने की मांग की है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा नौटियाल ने बताया कि ऑल वेदर रोड के कार्यों में लगे डंपरों की आवाजाही से नगर क्षेत्र में रोजाना जाम की समस्या पैदा हो रही है। इसके साथ ही इन ओवरलोड डंपरों से गिरने वाला मलबा और सड़क से उठती धूल परेशानी का कारण बनी हुई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से नगर क्षेत्र में डंपरों की आवाजाही का समय अलग से नियत करने की मांग की।