चिन्यालीसौड़ बीडीसी बैठक में बनचौरा अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते पंचायत प्रतिनिधि।
- फोटो : UTTER KASHI
बीडीसी बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनचौरा में बदहाल पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं पर रोष जताया। सदन में उठाए गए सवालों का सही जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। बैठक में मौजूद दर्जाधारी राज्यमंत्री जगबीर भंडारी द्वारा तीन दिन में कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद सदस्य शांत हुए।
शुक्रवार को विकासखंड सभागार में ब्लाक प्रमुख वंदना सोनी की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों ने बनचौरा अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दशगी, हातड़ एवं बिष्ट पट्टी के दर्जनों गांवों की स्वास्थ्य सेवाएं इसी अस्पताल पर टिकी हैं, लेकिन यहां एक भी चिकित्सक नहीं है। हाल ही में इस अस्पताल को एक एंबुलेंस मुहैया कराई गई थी, लेकिन वह भी चिन्यालीसौड़ में ही खड़ी है। इन सवालों पर कोई जवाब नहीं मिलने पर सदस्यों ने जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर मौजूद दर्जाधारी राज्य मंत्री जगबीर भंडारी ने भरोसा दिलाया कि वे तीन दिन के भीतर डीएम और सीएमओ से वार्ता कर इस संबंध में कार्रवाई करेंगे।
सदस्यों द्वारा मनरेगा कर्मियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताने पर सीडीओ पीसी डंडरियाल ने कार्रवाई की बात कही। जिला पंचायत सदस्य प्रदीप कैंतुरा ने बड़ेथी-श्रीकोट मोटर मार्ग पर हो रही पेंटिंग उखड़ने का मामला उठाया। इस पर जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। बैठक में विद्युत, पेयजल, सड़क, शिक्षा, सिंचाई आदि मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण , ज्येष्ठ उपप्रमुख कुलदीप राणा, कनिष्ठ उपप्रमुख उर्मिला रांगड़, प्रधान संगठन के अध्यक्ष कोमल राणा, ब्लाक प्रमुख डुंडा शैलेंद्र कोहली, बीडीओ दृष्टि आनंद, सुंदरलाल, अमोल महर, प्रमोद रावत, जसपाल पोखरियाल, संतोष जगूड़ी आदि तमाम पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। संवाद