जिले के पंचायतीराज विभाग में सेवारत डाटा एंट्री ऑपरेटरों व अवर अभियंताओं को पांच माह से वेतन का इंतजार है, जबकि इनका अनुबंध 31 मार्च को समाप्त हो गया है। वहीं डीएम ने कहा कि कर्मियों के सहयोग को देखते हुए उनका अनुबंध बढ़ाने को कहा है।
पौड़ी में पंचायतीराज विभाग के तहत आउटसोर्स से 49 डाटा एंट्री ऑपरेटर व 15 जेई सेवारत हैं। इनका अनुबंध 31 मार्च को समाप्त हो गया, लेकिन विभाग इनसे सेवाएं ले रहा है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप सुंदरियाल व जिला महामंत्री संतन सिंह बिष्ट ने बताया कि डाटा एंट्री ऑपरेटर व अवर अभियंताओं द्वारा लगातार बेहतर सेवाएं दी जा रही है। डीपीआरओ एमएम खान ने बताया कि निदेशालय से आउट सोर्स संस्था को तीन माह का वेतन जारी कर दिया है। शेष दो माह का वेतन भी जल्द ही प्रदान कर लिया जाएगा।
पंचायतराज विभाग ने जिलाधिकारी के माध्यम से डाटा एंट्री ऑपरेटरों व अवर अभियंताओं के सेवाकाल बढ़ाए जाने के लिए निदेशक को पत्र भेजा है। पत्र में डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने कहा कि कोरोना महामारी से लड़ाई में ऑपरेटर व अभियंता सूचना संकलन सहित अन्य कार्यों में विशेष सहयोग प्रदान कर रहे हैं, जिसको देखते हुए इनके सेवाकाल/अनुबंध को बढ़ाया जाए।
आउट सोर्स कार्मिकों को दें सेवा विस्तार
उत्तरकाशी। जिला ग्राम प्रधान संगठन ने विभिन्न विकास खंडों में नियुक्त डाटा इंट्री ऑपरेटर्स तथा कनिष्ठ अभियंताओं की सेवाओं को विस्तार देने की मांग की है। प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष प्रताप रावत ने बताया कि ग्राम पंचायतों के विभिन्न विकास कार्यों के संचालन के लिए जिला पंचायती राज विभाग द्वारा विभिन्न विकास खंडों में आउट सोर्स के माध्यम से डाटा इंट्री ऑपरेटर एवं कनिष्ठ अभियंता तैनात किए गए हैं। इनका अनुबंध समाप्त हो रहा है। ऐसे में यदि इन कार्मिकों को सेवाओं से हटा दिया जाएगा, तो गांवों के विकास कार्य प्रभावित होंगे। उन्होंने जिला पंचायतीराज अधिकारी को पत्र लिखकर कार्मिकों को यथावत रखने की मांग की है।