विकास कार्यों में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीएम मयूर दीक्षित ने चिन्यालीसौड़ एवं भटवाड़ी के उप कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को सेवा समाप्ति व बीडीओ भटवाड़ी को प्रतिकूल प्रविष्टि की चेतावनी दी है। साथ ही बीडीओ चिन्यालीसौड़ का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। डीएम ने चिन्यालीसौड़ में मनरेगा श्रमिकों का समय पर मजदूरी नहीं दिए जाने पर डीपीओ के वेतन से भुगतान के निर्देश दिए।
मंगलवार को डीएम मयूर दीक्षित ने ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मनरेगा के तहत श्रम दिवस, प्रवासियों को रोजगार, कार्य पूर्ति की दर, श्रमिकों के भुगतान, जीओ टैग, एफटीओ रिजनरेशन, खाते सुधारीकरण आदि कार्यों की प्रगति का ब्यौरा तलब किया। मनरेगा कार्यों में लापरवाही बरतने पर डीएम ने चिन्यालीसौड़ और भटवाड़ी के डीपीओ को सेवा समाप्ति की चेतावनी देते हुए 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया। चिन्यालीसौड़ बीडीओ द्वारा वर्ष 2018-19 के 21 अपूर्ण कार्यों को अभी तक पूरा नहीं कराने पर डीएम ने अग्रिम आदेशों तक उनका वेतन रोकने के आदेश दिए। डीपीओ चिन्यालीसौड़ के स्तर से श्रमिकों को समय पर भुगतान नहीं होने पर डीएम ने उनकी वेतन से मजदूरी का भुगतान कराने के निर्देश दिए।
डीएम दीक्षित ने कहा कि विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने में खंड विकास अधिकारियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने सभी बीडीओ एवं अधीनस्थ कर्मचारियों को कार्यशैली में सुधार लाने को कहा। बैठक में प्रभारी जिला विकास अधिकारी विमल कुमार ने मनरेगा की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस मौके पर सीडीओ पीसी डंडरियाल आदि मौजूद रहे।