विधायक का पुतला फूंककर दर्ज किया विरोध
नई टिहरी। जिला मुख्यालय में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को अन्यत्र बनाए जाने की चर्चा के विरोध में टिहरी गढ़वाल जन अधिकार संघर्ष मोर्चा से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया। विरोध स्वरूप उन्होंने टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय का पुतला फूंका।
मोर्चा पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विधायक मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए शासन और प्रशासन के स्तर पर जिला मुख्यालय के पक्ष में प्रभावी पैरवी नहीं कर पा रहे हैं। रविवार को मोर्चा के संयोजक सागर भंडारी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने बौराड़ी साईं चौक पर प्रदर्शन किया। कहा उन्हें जानकारी मिली है कि जिला मुख्यालय के बजाय गजा तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत नैचोली के फिपल्टी में मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
सरकार पर टिहरी विधानसभा क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करते हुए विधायक का पुतला फूंका। कहा कि जिला मुख्यालय के आसपास मेडिकल कॉलेज बनने से पूरे जनपद के लोगों को इसका लाभ मिल मिलता। इस मौके पर रवि राज, अमन अग्रवाल, विकास पंवार, अजय पंवार, प्रियांशु रावत, नीरज रावत, प्रियांशु राणा, मनन नेगी, आयुष खंडवाल तनिष्क कुमाई आदि मौजूद रहे।