कलेक्ट्रेट में छात्रों ने दिया धरना
कहा-छात्रावास की सुविधा न होने से किराये पर लेना पड़ रहा कमरा
संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तरकाशी। पीएमश्री राजकीय आदर्श कीर्ति इंटर कॉलेज की छात्रावास के लिए आरक्षित भूमि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निर्माण कराए जाने के विरोध में छात्रों ने कलेक्ट्रेट में सांकेतिक धरना दिया। छात्रों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और निर्माण कार्य रुकवाकर छात्रावास का पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
छात्रों ने कहा कि विद्यालय को आवंटित करीब छह नाली भूमि पर पहले से छात्रावास बना हुआ है लेकिन भवन जर्जर होने के कारण उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। छात्रावास का पुनर्निर्माण कराने के बजाय शिक्षा विभाग की ओर से इस भूमि पर मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि विद्यालय में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। छात्रावास की सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें उत्तरकाशी में निजी कमरे किराये पर लेकर रहना पड़ता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है और उनकी पढ़ाई भी प्रभावित होती है। उन्होंने छात्रावास के लिए आरक्षित भूमि पर कार्यालय का निर्माण तत्काल रोकने, बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास बनाने की मांग की। छात्रों ने जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक के भवन के लिए प्रस्तावित भूमि पर छात्रावास निर्माण का सुझाव भी दिया। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सांकेतिक धरना देने वालों में संजीता राणा, दिव्यांजली, विकास सिंह, राजबीर सिंह, आरती, वैशाली, दीक्षा, आशीष कोहली, मयंक राज, नीरज राणा, मोहित कुमार, अक्षय, सुदीप आदि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।