हिमाचल प्रदेश के मनाली में 12 दिन पहले एक हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए उत्तरकाशी के हुकम सिंह (61) की उपचार के दौरान मौत हो गई। अभी तक इनके परिजनों का कुछ पता नहीं चल पाया है। मनाली पुलिस ने उत्तरकाशी पुलिस से संपर्क कर इस व्यक्ति का पता लगाने को कहा।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि मनाली पुलिस ने सूचना दी कि 23 मार्च को मनाली में हुए एक हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान हुकम सिंह पुत्र सतीश सिंह के रूप में हुई। साथ में कोई परिजन नहीं होने के कारण उक्त व्यक्ति को मिशन हॉस्पिटल मनाली में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। मनाली पुलिस ने उत्तरकाशी पुलिस को इसकी सूचना देकर परिजनों तक उसके निधन की जानकारी पहुंचाने को कहा। आपदा प्रबंधन अधिकारी पटवाल ने बताया कि आधार कार्ड पर उक्त व्यक्ति का पता ग्राम चिन्यारसो बड़ेथी पट्टी बरसाली जिला उत्तरकाशी दर्ज है।