जिला उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में साप्ताहिक बाजार बंदी को लेकर चला आ रहा विवाद नहीं सुलझ पाया। बैठक में व्यापारियों ने सोमवार या रविवार में से एक दिन बाजार बंद रखने पर चर्चा की। बाद में मार्च में होने वाली बैठक में ही बाजार बंदी पर अंतिम फैसला लेने का निर्णय लिया गया।
रविवार को कालीकमली धर्मशाला में जिला उद्योग व्यापार मंडल की बैठक हुई, जिसमें व्यापारियों ने शासन-प्रशासन से नगर में जाम और पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णुपाल रावत ने कहा कि पार्किंग की समस्या के चलते आए-दिन जाम की समस्या रहती है, जिसके समाधान के लिए जिला प्रशासन गंभीर नहीं है। बैठक में व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल की ओर से डीएम को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुभाष बडोनी, नगर अध्यक्ष रमेश चौहान, महामंत्री मनमोहन तलवार, कोषाध्यक्ष मान सिंह गुसाई, दिलीप कुमार, हरीश सेमवाल, बलवंत नेगी आदि मौजूद रहे।