सरकार की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश के बावजूद मसीह दिलासा स्कूल के प्रबंधन ने अभिभावकों को फीस जमा कराने के लिए नोटिस भेज दिया। व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजे गए इस नोटिस के जरिये दबाव बनाए जाने पर शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रबंधन को नोटिस जारी किया है।
लॉक डाउन के चलते काम ठप होने की वजह से अधिकांश अभिभावकों के समक्ष बच्चों की फीस जमा कराने की समस्या आ रही है। इसे देखते हुए सरकार ने भी लॉक डाउन अवधि में फीस के लिए दबाव नहीं बनाने और लॉक डाउन समाप्त होने के बाद भी एक साथ सारी फीस नहीं लेने के दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
मसीह दिलासा स्कूल के प्रधानाचार्य ने व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये अभिभावकों को अप्रैल एवं मई माह की फीस जमा कराने का नोटिस जारी कर दिया। इसकी सूचना डीएम तक पहुंची तो उन्होंने इस संबंध में शिक्षा विभाग को जांच के निर्देश दिए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुशवाह ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन करने को कहा है। इधर, स्कूल के प्रबंधक फादर सीरियक थॉमस का कहना है कि फीस के लिए दबाव नहीं बनाया जा रहा है। अभिभावकों को सिर्फ सूचित किया गया है। जो अभिभावक सक्षम हैं, वे फीस जमा करा सकते हैं। इसका उल्लेख शिक्षा सचिव की ओर से जारी आदेश में भी है।