नौगांव (उत्तरकाशी)। अपर यमुना वन प्रभाग के मुंगरा संती रेंज में वन विभाग की तीन दिवसीय लंबी पैदल गश्त के दौरान जंगल में अवैध कटान, शिकार और अतिक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। वहीं जंगल में बांज के बीजों और फलों की अच्छी उपलब्धता और कैल के बेहतर प्राकृतिक पुनरुत्पादन ने वन विभाग को सकारात्मक संकेत दिए हैं।
वन क्षेत्राधिकारी विवेक चौहान के नेतृत्व में तीन दिन पहले रवाना हुई गश्ती टीम जंगल के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रेंज कार्यालय लौट आई। यहां टीम ने अपनी विस्तृत रिपोर्ट वन क्षेत्राधिकारी को सौंपी। गश्त के दौरान कर्मचारियों ने दुर्गम वन क्षेत्रों में पैदल भ्रमण किया और रात में जंगल में ही विश्राम कर वन संपदा एवं वन्यजीवों की स्थिति का जायजा लिया। वन क्षेत्राधिकारी विवेक चौहान ने बताया कि गश्त के दौरान संवेदनशील छानियों में रहने वाले स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें जंगली जानवरों से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई।
गश्ती मार्ग के सूक्ष्म निरीक्षण में अवैध पातन, शिकार और अतिक्रमण जैसी कोई गतिविधि नहीं मिली। उन्होंने बताया कि जंगल में बड़ी मात्रा में बांज के बीज और फल पाए गए हैं, जो भालू समेत अन्य वन्यजीवों के लिए सर्दियों में महत्वपूर्ण प्राकृतिक आहार साबित होंगे। साथ ही गश्ती क्षेत्र में कैल का प्राकृतिक पुनरुत्पादन भी अच्छा पाया गया है, जो वन क्षेत्र के पारिस्थितिकीय स्वास्थ्य के लिहाज से उत्साहजनक है। वन विभाग प्रतिवर्ष जंगलों की सुरक्षा, वन संपदा की स्थिति और वन्यजीवों के रहवास का बारीकी से आकलन करने के लिए लंबी दूरी की गश्त आयोजित करता है। चौहान ने बताया कि गश्त की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।