मंदिरों में भी खूब उमड़ी रही श्रद्धालुओं की भीड़
उत्तरकाशी। जनपद में नए वर्ष का स्वागत बहुत धूमधाम से किया गया। हर्षिल सहित अगोड़ा रैथल, बार्सू सांकरी में पर्यटकों की खूब भीड़ उमड़ी रही। कई पर्यटकों ने समुद्रतल से करीब तीन हजार मीटर की ऊंचाई पर स्थित डोडीताल और दयारा बुग्याल की ट्रैकिंग के रोमांच के साथ नए वर्ष का स्वागत किया। मंदिरों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली।
सर्द वादियों के बीच नववर्ष के स्वागत के लिए पर्यटक एक सप्ताह पूर्व से ही हर्षिल सहित रैथल, बार्सू, सांकरी आदि पर्यटक स्थलों पर पहुंचने शुरू हो गए थे। हर्षिल घाटी साल के अंतिम तीन दिन पूरी तरह पर्यटकों से पैक हो गया था। साथ ही डोडीताल के बेस कैंप अगोड़ा और दयारा बुग्याल के रैथल और बार्सू में भी देश के विभिन्न प्रदेशों से पर्यटक और ट्रैकर्स अच्छी संख्या में पहुंचे।
कई पर्यटकों ने डोडीताल और दयारा बुग्याल में ट्रैकिंग के बाद कैपिंग के बीच नए वर्ष का स्वागत किया। हर्षिल-सांकरी में भी पर्यटक नए वर्ष के स्वागत में देर रात्री तक झूमते रहे। हालांकि इस वर्ष पहाड़ों में बर्फबारी न होने के कारण सैलानियों को मायूस होना पड़ा। बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर सहित हनुमान मंदिर, गंगा मंदिर आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी रही।