बोले, परीक्षा की पारदर्शिता पर किसी भी तरह का नहीं होगा समझौता
उत्तरकाशी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा से एक दिन पहले जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय मनेरा स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, वेंटिलेशन और सुरक्षा इंतजामों की जांच की। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। सभी व्यवस्थाएं समय से पहले दुरुस्त रखने और परीक्षा संचालन को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों की प्रवेश से पहले निर्धारित मानकों के अनुसार सघन जांच की जाए तथा परीक्षा के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। डीएम ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी है इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस के पहरे में होगी नीट की परीक्षा
नई टिहरी। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश और निकास द्वार, परीक्षा कक्ष, सीसीटीवी, पार्किंग स्थल और परीक्षा केंद्र के आसपास संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने नोडल अधिकारी एएसपी, सीओ, कोतवाली निरीक्षक और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को परीक्षा की गरिमा, गोपनीयता और शुचिता बनाए रखने के लिए सर्तकता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए। पुलिस को नकल माफियाओं, सॉल्वर गैंग एवं अन्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। संवाद