800 मीटर दौड़ में साहिल और दीपिका अव्वल
उत्तरकाशी। खेल महाकुंभ मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को मनेरा खेल मैदान में शुभारंभ हुआ। इस दौरान पहले दिन अंडर 19 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में साहिल और बालिका वर्ग में दीपिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मनेरा खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान दायित्वधारी प्रताप पंवार, दुग्ध संघ उपाध्यक्ष गिरीश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार ने संयुक्त रूप से किया। वहीं, युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी ने बताया कि प्रतियोगिता की शुरुआत न्याय पंचायत स्तर से हुई थी।
न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं एक से 10 सितंबर और विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं 11 से 20 सितंबर तक आयोजित की गईं। अब सांसद स्तर की प्रतियोगिता शुरू हुई है जो छह दिनों तक चलेगी। इस दौरान पहले दिन अंडर-19 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में यमुनोत्री विधानसभा के साहिल ने प्रथम, घनसाली के देवराज ने द्वितीय और गंगोत्री विधानसभा के अंशुमान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में घनसाली विधानसभा की दीपिका प्रथम, गंगोत्री की शीतल रावत द्वितीय और यमुनोत्री की रंजना तृतीय रहीं।