नमामि गंगे की तर्ज पर नमामि यमुने योजना शुरू करने की यमुनोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों का आंदोलन रंग लाने लगा है। एसडीएम के नेतृत्व में यमुनोत्री पहुंची टीम ने ‘कालिंदी यमुनोत्री गरुढ़गंगा महादर्शन’ योजना की प्रारंभिक तैयारी शुरू कर दी है।
इसमें यमुनोत्री धाम में साफ सफाई के इंतजाम, सुरक्षा कार्य और ढांचागत सुविधाओं के विकास साथ ही सुंदरीकरण के कार्य प्रस्तावित किए जा रहे हैं। जल्द ही डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
चार धाम यात्रा के प्रथम तीर्थ यमुनोत्री धाम के तीर्थ पुरोहितों ने हाल ही में नमामि गंगे की तर्ज पर नमामि यमुने योजना की मांग की थी।
सोमवार को एसडीएम राजकुमार पांडेय के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की टीम ने यमुनोत्री धाम पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने ‘कालिंदी यमुनोत्री गरुढ़ गंगा महादर्शन’ योजना की प्रारंभिक तैयारी के लिए सर्वे शुरू किया।
टीम में पर्यटन अधिकारी केएस नेगी, तहसीलदार मुकेश रमोला, सिंचाई विभाग के एई पीएस रावत, लोनिवि के एई वीपी द्विवेदी, यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष पवन प्रकाश उनियाल, सचिव पुरुषोत्तम उनियाल, सुभाष उनियाल सहित वन विभाग, जिला पंचायत एवं राजमार्ग निर्माण खंड के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कोट...
शासन से कालिंदी यमुनोत्री गरुढ़ गंगा महादर्शन योजना की प्रारंभिक तैयारी के निर्देश मिले हैं। यमुनोत्री धाम का स्थलीय निरीक्षण कर लिया गया है। जल्द ही इसकी डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जाएगी।
राजकुमार पांडेय, एसडीएम बड़कोट।
कोट...
यमुना को प्रदूषण मुक्त करने के लिए नमामि गंगे की तर्ज पर महायोजना चलाने की जरूरत है। यह तभी सार्थक है जब यमुना के उद्गम यमुनोत्री का विकास हो और यहीं से स्वच्छता के इंतजाम किए जाए।
पवन प्रकाश उनियाल, उपाध्यक्ष यमुनोत्री मंदिर समिति।