बड़कोट। डीएलएड प्रशिक्षुओं ने शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत से मुलाकात कर प्राथमिक शिक्षक भर्ती को लेकर अपनी मांगें रखी। प्रशिक्षुओं ने कहा वह लंबे समय से प्राथमिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे है लेकिन उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। वहीं, मंत्री ने प्रशिक्षुओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती की घोषणा जल्द सार्वजनिक रूप से की जाएगी। साथ ही शैक्षिक सत्र समाप्त होते ही नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस मौके पर अंशुमान सिंह भंडारी, मोहित भट्ट, रितेश चंद्र, नवीन चौहान, अनूप रावत, सार्थक, गौरव कुकरेती आदि मौजूद रहे। संवाद
..............................
छात्राओं को सिखाए योग की जानकारी
फोटो सहित
उत्तरकाशी। आईटीबीपी मातली की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज में योग अभ्यास व प्राणायाम प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास किया। शिविर में आईटीबीपी के योगाचार्य ध्रुव, हरीश और स्थानीय योगाचार्य विकेश राणा ने छात्राओं को योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशौली, मानसिक शांति और शारीरिक फिटनेस के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही छात्रों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और अनुशासन विकसित करने का भी सर्वोत्तम उपाय है। इस मौके पर अमित रमोला आदि मौजूद रहे।
.............................................
शहीद स्मारक भवन बनाने की मांग उठाई
उत्तरकाशी। चिन्हित राज्य आन्दोलनकारी संयुक्त समिति ने राज्य निर्माण आंदोलनकारियों के लिए शहीद स्मारक भवन बनाने की मांग उठाई। जिला ऑडिटोरियम में आयोजित बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार को गंभीर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की मृत्यु के बाद जिस प्रकार पटवारी की रिपोर्ट पर पेंशन बंद कर दी जाती है, उसी तरह आश्रितों को भी पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर पेंशन का लाभ दिया जाना चाहिए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान, डॉ. विजेन्द्र पोखरियाल, तेग सिंह राणा, खुशहाल सिंह विष्ट, जगदीश प्रसाद भट्ट, मोहनानंद बिजल्वाण, विक्रम सिंह रावत, धर्मेन्द्र सिंह राणा आदि मौजूद रहे।