बड़कोट। रविवार को खराड़ी क्षेत्र में झूला पुल के समीप यमुना नदी में नहाने गया बिहार निवासी मजदूर अचानक पैर फिसलने से तेज बहाव की चपेट में आ गया। नदी में कुछ दूरी तक बहने के बाद वह बीच धारा में स्थित एक टापू पर पहुंचकर फंस गया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर मजदूर को सकुशल बाहर निकाला।
अग्निशमन अधिकारी एसएस चौहान ने बताया कि बिहार निवासी सुरजीत यादव खराड़ी में मजदूरी करता है। रविवार को वह झूला पुल के पास यमुना नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह नदी के तेज बहाव में बह गया। बहते हुए कुछ दूरी पर वह यमुना के बीच बने टापू पर पहुंच गया जहां चारों ओर पानी का तेज बहाव होने के कारण फंस गया।
मजदूर के नदी में फंसे होने की सूचना पर फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने रस्सियों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जवानों ने तेज बहाव के बीच सावधानीपूर्वक टापू तक पहुंचकर सुरजीत यादव को सुरक्षित निकाला और रस्सी के सहारे उसे नदी के किनारे पहुंचाया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। समय रहते हुए किए गए रेस्क्यू से बड़ा हादसा टल गया। संवाद