वेल्हम ब्वॉयज के छात्रों एवं शिक्षकों का दल मोरी क्षेत्र के केदारकांठा की ट्रैकिंग कर लौटा। हरकीदून प्रोटेक्शन एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन की अगुवाई में ट्रैकिंग पर गए दल को यहां प्रकृति का नजारा करने के साथ ही काफी कुछ सीखने को मिला। इस साल हरकीदून केदारकांठा क्षेत्र में निरंतर पर्यटकों की आवाजाही से पर्यटन व्यवसायियों के चेहरे खिले हुए हैं।
बीते 27 मार्च को वेल्हम ब्वॉयज स्कूल देहरादून का ट्रैकिंग दल मोरी सांकरी पहुंचा। दल हरकीदून प्रोटेक्शन एंड माउंटेनियरिंग एसोसिएशन के कुलदीप रावत के नेतृत्व में केदारकांठा तक ट्रैकिंग की। इस दौरान छात्रों ने यहां हिमाच्छादित वादियों के नजारों का आनंद लेने के साथ ही प्रकृति के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
दल के साथ गए स्कूल के शिक्षक लक्ष्मण भंडारी, डेविस आदि ने बताया कि स्कूल के छात्रों में प्रकृति के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से हर साल इस तरह के ट्रैकिंग अभियान चलाए जाते हैं। लौटते समय छात्रों ने सफाई अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र किया। दल में कमलेश, संजू, रमेश, सुंदर, राहुल, विक्रम आदि शामिल रहे।
सांकरी के पर्यटन व्यवसायी भगत रावत ने बताया कि इस साल केदारकांठा हरकीदून क्षेत्र में निरंतर पर्यटक दलों की आवाजाही रही। इससे क्षेत्र में पर्यटन व्यवसाय को काफी फायदा मिला। उन्होंने पर्यटन एवं वन विभाग से पर्यटन स्थलों के ट्रैक मार्ग दुरुस्त कराने और रास्ते में दिशा सूचक सूचना पट्ट लगवाने की मांग की।