साथी घायल, गंगोत्री जा रहे थे जल भरने के लिए
हादसे वाली जगह पर सड़क संकरी होने के साथ ही चौड़ीकरण का काम भी पड़ा है अधूरा
उत्तरकाशी। यमुनोत्री हाईवे पर शिव गुफा के पास रविवार को एक बाइक व डंपर की टक्कर हो गई जिसमें कांवड़ लेकर गंगोत्री जा रहे एक कांवड़िये की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। हादसा उस स्थान पर हुआ जहां सड़क संकरी है और चौड़ीकरण का काम अभी पूरा नहीं हो पाया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को 112 के माध्यम से शिव गुफा के पास बाइक-डंपर की टक्कर की सूचना मिली। सूचना पर गेंवला ब्रह्मखाल चौकी प्रभारी एसआई बृजपाल सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को निजी वाहन से राजकीय अस्पताल ब्रह्मखाल पहुंचाया। हादसे में घायल बाइक सवार बबलू (32) निवासी खिचड़ीपुर, कल्याणपुरी, नई दिल्ली की मौत हो गई जबकि साथी संदीप (30) निवासी खिचड़ीपुर, कल्याणपुरी, नई दिल्ली, मूल निवासी चंपावत घायल हो गया।
पुलिस के मुताबिक डंपर चालक की पहचान राकेश प्रसाद निवासी वाण, तहसील डुंडा के रूप में हुई है। धरासू थानाध्यक्ष मनोज असवाल ने बताया कि मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। शिव गुफा के पास हाईवे का संकरा हिस्सा हादसों के लिहाज से संवेदनशील बना हुआ है। सड़क चौड़ीकरण का काम पूरा नहीं होने के कारण यहां वाहनों की आवाजाही के दौरान जोखिम बना रहता है।