नगुण पुल से पुराने पुलिस थाने, धरासू बैंड के आसपास व नालूपानी सहित कई जगह है दिक्कत
चिन्यालीसौड़। गंगोत्री हाईवे पर यातायात तो बहाल हो गया है लेकिन बारिश से तबाही के निशान अब भी सड़क पर पड़े हैं। नगुण पुल से पुराने पुलिस थाने धरासू, धरासू बैंड के आसपास और नालूपानी सहित कई स्थानों पर भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा जमा है। सड़क से मलबा पूरी तरह नहीं हटने के कारण यात्रियों का सफर जोखिमभरा बना हुआ है। संकरे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से कई बार जाम की स्थिति भी पैदा हो रही है।
अगस्त और सितंबर में हुई भारी बारिश के दौरान गंगोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरे थे, जिससे यातायात बाधित हो गया था। इसके बाद सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने आवाजाही बहाल करने के लिए मलबा हटाकर वाहनों के निकलने लायक रास्ता तैयार किया।
हालांकि, यातायात शुरू होने के बाद भी कई स्थानों पर मलबे और पत्थरों के ढेर नहीं हटाए जा सके हैं। हाईवे पर जमा बोल्डर और मलबे के कारण वाहन चालकों को सीमित जगह में आवाजाही करनी पड़ रही है। आमने-सामने से वाहनों के आने पर जाम लग रहा है, वहीं पहाड़ी से पत्थर गिरने की आशंका यात्रियों की चिंता बढ़ा रही है। ऐसे में हाईवे पर सफर करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीआरओ के कमांडर राजकिशोर सिंह ने बताया कि मलबा हटाने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। बड़े स्लाइड जोन के उपचार के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।