ग्राम पंचायत ने सिंगल यूज प्लास्टिक पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध
उत्तरकाशी। पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध ग्राम पंचायत झाला ने हिमालयी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अहम पहल की है। ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में ग्राम पंचायत झाला ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं स्वच्छता उपविधियां 2026 को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
ग्राम प्रधान अभिषेक रौंतेला की अध्यक्षता में हुई बैठक में नई व्यवस्था के तहत घरों के साथ ही दुकानों, होमस्टे, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण अनिवार्य होगा। गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना होगा। खुले में कचरा फेंकने अथवा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ उपविधियों के अनुसार कार्रवाई और जुर्माना किया जाएगा। प्रधान अभिषेक रौंतेला ने कहा कि झाला प्रमुख पर्यटन स्थल है और यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में भागीरथी घाटी, प्राकृतिक जलस्रोतों और संवेदनशील हिमालयी पारिस्थितिकी को प्रदूषण से बचाना पंचायत की प्राथमिकता है।
उपविधियां उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम-2016 और विभागीय निर्देशों के क्रम में लागू की गई हैं। बता दें कि थैंक यू नेचर अभियान की शुरुआत भी झाला से हुई थी जिसका उल्लेख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में किया था। बैठक में उपप्रधान विशाल विश्वकर्मा, करण सिंह रौंतेला, प्रकाश रौंतेला, भजन सिंह रावत, शिवेंद्र देवी, सुधा देवी आदि मौजूद रहे।