उत्तरकाशी। डुंडा विकासखंड की ग्राम पंचायत जालंग के ग्रामीणों ने लंबित सड़क निर्माण और सुधारीकरण न होने पर आक्रोश जताया है। ग्राम प्रधान गीता देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर दो सप्ताह के भीतर सड़क का काम शुरू कराने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने अनशन और आगामी विधानसभा चुनाव में वोट न डालने की चेतावनी दी है।
धौंतरी-कमद-अंगारखाल-बूढ़ाकेदार मोटर मार्ग से जालंग गांव को जोड़ने वाली करीब 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 1978-79 में वन विभाग ने कराया था। लंबे समय से उचित रखरखाव और मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क की हालत खराब हो चुकी है। इससे ग्रामीणों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। ग्रामीण पिछले करीब 10 वर्षों से इस सड़क को वन विभाग से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने और डामरीकरण कराने की मांग कर रहे हैं। समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्राम पंचायत जालंग में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यदि दो सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण और सुधारीकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि जमीन पर काम चाहिए। मांग पूरी नहीं होने पर वे अनशन पर बैठेंगे। बैठक में कमद प्रधान भरत चौहान, भड़कोट प्रधान महिमानंद, मनीषा देवी, इंदर सिंह पंवार आदि मौजूद थे।