उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मानसून सीजन को देखते हुए दूरस्थ क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाने के साथ ही उन्हें उचित सुविधाएं देने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी सहित एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को स्थलीय निरीक्षण कर गर्भवती महिलाओं की जानकारी एकत्रित कर डेटा उपलब्ध करवाने को कहा।
डीएम ने मानसून सीजन दूरस्थ क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर विभाग और अन्य संबंधित विभागों की बैठक ली। कहा कि गर्भवती महिलाओं की जानकारी एकत्रित कर किसी भी आपातकालीन स्थिति में उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाने के लिए व्यवस्थाएं दुरूस्त की जाएं। वहीं कहा कि संबंधित विभाग के कर्मचारी सभी गांव में जाकर स्थलीय निरीक्षण कर इसकी पूरी जानकारी उच्च अधिकारियों को दें। कहा कि मानसून सीजन में सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण कई बार गर्भवती महिलाएं अस्पताल तक नहीं पहुंच पाती हैं। इसलिए उन्हें समय से पहले ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया जाए। बैठक में एसडीएम देवानंद शर्मा, डीडीएमओ शार्दूल गुसाईं, सीएमओ बीएस रावत, डीपीओ यशोदा बिष्ट आदि मौजूद रहे। संवाद