उत्तरकाशी के गंगोरी में रसोई गैस के लिए लाइन में लगे उपभोक्ता। संवाद
उत्तरकाशी। जिला प्रशासन की ओर से जारी रोस्टर के अनुसार गणेशपुर जा रहे रसोई गैस सिलिंडर से भरे ट्रक को गंगोरी में स्थानीय लोगों ने रोक दिया। उन्होंने कहा कि तीन दिन पूर्व आए वाहन में उन्हें पूरे सिलिंडर नहीं मिल पाए थे। जब सिलिंडर नहीं दिया गया, तो वहां पर लोगों ने लोगों ने करीब पांच घंटे तक वाहन को रोक कर रखा। प्रशासन और पुलिस के किसी प्रकार समझाने के बाद ट्रक को छोड़ा गया।
मंगलवार को रोस्टर के अनुसार गणेशपुर में रसोई गैस सिलिंडर का वाहन जा रहा था। उसके गंगोरी पहुंचते ही लोगों ने वहां पर ट्रक को रोक दिया। गंगोरी के लोगों का कहना था कि जब वह गणेशुपर अपने सिलिंडर लेकर पहुंचे। तो वहां पर उनका विरोध हुआ। साथ ही तीन दिन पहले आए ट्रक में गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने पूरे सिलिंडर नहीं बांटे और आश्वासन दिया कि दूसरे दिन दिए जाएंगे। लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी सिलिंडर नहीं दिए गए। जबकि सब लोगों ने बुकिंग करवा रखी है। जब लोगों ने करीब पांच घंटे तक ट्रक को आगे नहीं जाने दिया। तो वहां पर तहसीलदार सहित पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों के साथ लोगों की हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। लोगों ने कहा कि जब तक गैस सिलिंडर नहीं मिलते। तब तक वाहन नहीं जाने दिया जाएगा। उसके बाद प्रशासन और पुलिस ने पूर्ति विभाग और गैस एजेंसी के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया। उन्होंने वहां पर सब लोगों की गैस बुक को अपने पास एकत्रित किया और तीन दिन बाद सबको सिलिंडर वितरित करने का आश्वासन दिया। उसके बाद लोगों ने वहां से ट्रक को जाने दिया।
उत्तरकाशी के गंगोरी में रसोई गैस के लिए लाइन में लगे उपभोक्ता। संवाद