आपदा प्रबंधन में सोशल मीडिया की भूमिका विषय पर उत्तराखंड प्रशासन अकादमी नैनीताल की ओर से आयोजित कार्यशाला के समापन पर अकादमी के एक फेसबुुक पेज तथा व्हाट्स एप ग्रुप की शुरूआत की गई।
मुख्य अतिथि प्रभारी डीएम जीएस रावत ने कहा कि न केवल आपदा में सूचनाओं के आदान-प्रदान, बल्कि बहुआयामी समस्याओं के निराकरण में सोशल मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
अकादमी के संयुक्त निदेशक आपदा प्रबंधन डा. बलवंत सिंह ने कहा कि हम यहां मौजूद प्रतिभागियों को फेसबुक पेज एवं व्हाट्स एप ग्रुप से जोड़ने के साथ ही इसका विस्तार स्कूल, कालेज तथा गांवों तक कर सूचनाएं जुटाने में करेंगे। बीते सालों की आपदा से कई क्षेत्रों के लोग इन्वायरमेंट रिफ्यूजी बन गए हैं।
आपदा प्रभावित लोग मानसिक विकृतियों के शिकार हो गए हैं। केदारनाथ आपदा में इस तरह के मामले सामने आए हैं। अकादमी इस समस्या को लेकर कुछ समय बाद रुद्रप्रयाग में ऐसी ही एक कार्यशाला आयोजित करेगी।
इस मौके पर डा. ओम प्रकाश, डा. मंजू पांडेय, जेपी पंवार, एसडीएम आरके पांडेय, सुनील नवप्रभात, सुनील थपलियाल, गौरव तिवारी, शालिनी श्रीवास्तव, सुरेश कुमार, राजेंद्र भट्ट आदि मौजूद रहे।