खैट पर्वत पर 10वें दिन भी डटे रहे भूख हड़ताल पर आंदोलनकारी
नई टिहरी। खैट पर्वत पर टिहरी बांध प्रभावितों की लंबित मांगों का समाधान करने की मांग को लेकर सागर भंडारी, गोपीनाथ सिंह रावत 10वें दिन भी भूख हड़ताल पर डटे रहे। घनसाली तहसीलदार हरीश चंद्र जोशी ने उनसे दूरभाष पर वार्ता कर मांगों के संबंध में डीएम से वार्ता करवाने का आश्वासन दिया जिसे दोनों अनशनकारियों ने ठुकरा दिया। उनका कहना है कि टिहरी बांध की रॉयल्टी का लाभ बांध प्रभावित क्षेत्रों को देने, प्रभावित परिवारों को निशुल्क बिजली-पानी उपलब्ध कराने और अन्य मांगों को लेकर उनकी वार्ता मुख्यमंत्री से कराई जाए।
बांध प्रभावितों की मांग शासन स्तर की है। मुख्यमंत्री ही मांगों का समाधान करवा सकते है। टिहरी गढ़वाल जन अधिकारी संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। लंबित मांगों का समाधान न होने तक उन्होंने संघर्ष जारी रखने की चेतावनी दी।
बीते दिन अनशनकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने खैट पर्वत पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां अनशन पर बैठे अजय पंवार का शुगर काफी कम होने और ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ पाया था। डॉक्टर के सुझाव पर पंवार उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती हुए थे। शनिवार अपराह्न बाद जिला अस्पताल बौराड़ी से उन्हें छुट्टी दे दी गई है।