जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने की मांग
पुरोला। सिंचाई विभाग में भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और कार्यों में पारदर्शिता के अभाव में टीपीएस भंडारी विभागीय कार्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने की मांग उठाई है।
भंडारी का आरोप है कि विभाग में निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमों की अनदेखी की जा रही है। टेंडर प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है। कई कार्यों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप निविदाएं आमंत्रित नहीं की जाती और कुछ चुनिंदा ठेकेदारों को बैकडोर तरीके से लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य आवंटित किए जाते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग में कई अभियंता और कर्मचारी वर्षों से एक ही स्थान पर जमे हैं जबकि स्थानांतरण संबंधी नियमों का पालन नहीं हो रहा है। इससे विभागीय कार्यप्रणाली की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ईई पन्नीलाल ने कहा कि आरोपों की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों या कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।