आए दिन जिले के विभिन्न हिस्सों में ओलावृष्टि से खेती बागवानी को भारी नुकसान पहुंच रहा है। शनिवार को मोरी प्रखंड के गड्डूगाड़ क्षेत्र में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा।
खेड़मी गांव के प्रधान सुरेंद्र सिंह देवजानी ने बताया कि शनिवार को मोरी प्रखंड के गड्डूगाड़ क्षेत्र में खेड़मी, जीवाणू, देवजानी, डांडागांव, रमालगांव, डोभागांव, रास्ती, विंगसारी, खरसाड़ी, माती आदि गांवों में करीब दो घंटे तक जमकर ओलों की बरसात हुई। ओलावृष्टि इतनी भीषण थी कि खेतों में ओलों की चादर बिछ गई, जिससे फसलें चौपट हो गई। फल वृक्षों में आजकल फ्लावरिंग सीजन के दौरान ओलों की मार से फूल और फल झड़ गए हैं। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आकलन कराकर पीड़ित काश्तकारों को क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।