भटवाड़ी क्षेत्र में भी भारी बारिश होने से किसान चिंतित
किसानों ने की मुआवजे की मांग
पुरोला/भटवाड़ी। पुरोला क्षेत्र में दोपहर बाद हुई भारी ओलावृष्टि से किसानों की फसल बरबाद हो गई है। खलाड़ी, नेत्री, चंदेली, दनमाना, करड़ा, कुमोला, कोरना, मखना और पुजेली सहित आसपास के कई गांवों में ओलों की मोटी परत बिछ गई, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह से खराब हो गई है। वहीं भटवाड़ी क्षेत्र में भी बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ाई है।
शनिवार को पुरोला क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट बदली। मौसम में आए बदलाव के कारण क्षेत्र में जमकर ओलावृष्टि हुई। इससे किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा। साथ ही टमाटर, आडू, पुलम, सेब और नाशपाती की फसलों को भी भारी क्षति पहुंची है। फलदार पेड़ों पर लगे छोटे फल ओलों से झड़ गए हैं, जिससे बागवानों को भी भारी नुकसान हुआ है। किसान हकूमत सिंह, श्याम सिंह, स्यालिक राम नौटियाल, सुनील कुमार, कवींद्र असवाल, राजपाल पंवार और युद्धवीर सिंह रावत सहित कई किसानों और बागवानों ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।
उन्होंने कहा कि इस नुकसान की भरपाई के बिना उनके लिए अपने परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल होगा। कहा कि अपनी फसलों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया था, लेकिन इतनी भारी ओलावृष्टि के सामने वे बेबस थे। वहीं भटवाड़ी में लगातार हो रही भारी बारिश से किसानों की फसलों को नुकसान हो रहा है।